जम्मू-कश्मीर से कई दिनों से लगातार जारी है भारी बारिश
जम्मू, 30 जून। लगातार हो रही भारी बारिश और जगह-जगह भूस्खलन के चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा को फिलहाल रोकना पड़ा है। ख़बरों के मुताबिक बताया जाता है कि लगातार बारिश से शनिवार को यात्रा में व्यवधान उत्त्पन्न हो रहा था। इस बीच उधमपुर में फंसे 2,000 से अधिक तीर्थयात्री शनिवार को सुबह पहलगाम स्थित कैंप के लिए रवाना हो गये।
बता दें, कि जम्मू-कश्मीर से कई दिनों से लगातार बारिश की खबर आ रही है। जिसकी वजह से जगह-जगह से भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल यह कदम सुरक्षा एहतियात की वजह से प्रशासन ने यात्रियों के जत्थे को जहां-तहां कैम्पों में रोक दिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने मीडिया को बताया कि भगवती नगर आधार शिविर से यात्रा रोक दी गयी है। किसी भी तीर्थयात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं है लेकिन फंसा हुआ काफिला सुबह दक्षिण कश्मीर स्थित पहलगाम आधार कैंप की ओर रवाना हो गया। इस काफिले में 2,032 तीर्थयात्री हैं जिसमें 315 महिलाएं हैं। अधिकारी के मुताबिक खराब मौसम को देखते हुये यात्रा निलंबित करने का निर्णय लिया गया।






