लखनऊ,11 जुलाई 2018: एक सार्थक कल की शुरुवात, परिवार नियोजन के साथ कुछ ऐसा ही सन्देश दिया गया विश्व जनसंख्या दिवस पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से बुधवार को 1090 चौराहे पर आयोजित नुक्कड़ नाटक में कलाकारों ने अपने-अपने तरीके इस सन्देश को समझाया।
नुक्कड़ नाटक का मंचन परिवार नियोजन के संदेशों को ध्यान में रखकर किया गया। नाटक के दौरान रामभरोसे नाम के चरित्र की पहले शादी तय हुई, फिर हर फेरे के दौरान पति-पत्नी को पंडित जी ने सुखी परिवार टिप्स दिए साथ ही परिवार नियोजन की विधियाँ बताई।
नाटक में आशा की ओर से निश्चय किट भी दी गई जो वर्तमान में नवविवाहित जोड़ों को प्रेगनेंसी जांच के लिए दी जा रही है. एनएचएम की ओर से आयोजित नुक्कड़ नाटक में तरन सेवा संस्थान, युवाउत्थान और विविध सेवा संस्थान के कलाकारों ने सहयोग किया। नाटक के दौरान कलाकारों ने विभिन्न तरीके से यह सन्देश दिया की लड़की की उम्र कम से कम 18 और लड़के की 21 वर्ष होनी चाहिए।
कलाकारों में विपिन कुमार, सर्वजीत सिंह, कीर्ति गौतम, शिव संपत, शिवम वर्मा और ध्रुव वर्मा ने अपनी प्रतिभा दिखाई. विश्व जनसंख्या दिवस पर सुबह पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से रैली को हरी झंडी दिखाई गई। रैली कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर 1090 पर समाप्त हुई।







