डोंट मिस: फीफा विश्वकप फाइनल के भिड़ेंगे फ्रांस और क्रोएशिया, आज रविवार रात 8 बजे
नई दिल्ली, 15 जुलाई 2018। आज रविवार की रात आठ बजे का फुटबॉल प्रेमियों को बेसब्री से इन्तजार है।
खिताबी भिड़ंत में आज फ्रांस और क्रोएशिया की कांटे की टक्कर है। खेल के जानकारों का मानना है कि युवाओं से भरी फ्रांस की टीम रविवार को यहां होने वाले 2018 विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में क्रोएशिया को पराजित कर दूसरी बार यह ट्रॉफी हासिल करना चाहेगी। लेकिन उधर जोश और उत्साह से भरी क्रोएशिया भी हर हाल में यह मुकाबला जीतना चाहेगी।
बता दें कि इस मैच में सबकी नजर दोनों टीमों के कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों पर रहेगी, जिन्होंने टीम को फाइनल में पहुंचाने में बड़ी भूमिका अदा की है। फ्रांस की टीम टूर्नामेंट की दूसरी सबसे युवा टीम है, जिसमें तेज तर्रार कीलियन एम्बाप्पे और एंटोइन ग्रिजमैन की मौजूदगी उसके लिए प्रेरणादायी रही। फाइनल में टीम को उनसे जबरदस्त प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
वहीं क्रोएशियाई टीम भी लुका मोदरिच से प्रेरित है। जो इस समय दुनिया के सबसे बेहतरीन मिडफील्डर में शामिल हैं। इवान रकिटिच, मारियो मांजुकिच, इवान पेरिसिच, डेनियल सुबासिच के शानदार खेल ने टीम को अर्जेंटीना, इंग्लैंड जैसी दिग्गज टीमों को हराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यूरोप की इन दो दिग्गज टीमों के बीच हो रहे इस मुकाबले को लेकर दुनियाभर के फुटबॉल प्रेमियों पर खास नज़र है। क्रोएशिया का फाइनल में पहुंचना किसी चमत्कार से कम नहीं है। उसने अपने अंतिम तीन मुकाबले अतिरिक्त समय में जीते हैं। अब देखना यह है कि इस कांटे के मुकाबले में कौन बाज़ी मारता है।







