नई दिल्ली, 17 जुलाई 2018: यह खबर आपको जरूर चौका देगी कि गाय को रहने के लिए एक साफ सुथरा स्थान और आराम से बैठने के लिए गद्देदार बिस्तर मिले तो वह खुश होती है। इससे वह और 10% अधिक दूध दे सकती है। जिससे किसानों की आय काफी बढ़ सकती है। वैज्ञानिक अध्ययनों से पता चला है कि मनुष्य की तरह दुधारू पशु भी सर्दी गर्मी एवं सुख दुख का अनुभव करते हैं।
एक शोध के मुताबिक गाय को गद्देदार बिछावन पर आराम करने की सुविधा मिलने पर उसमें दूध उत्पादन की क्षमता 10% तक बढ़ सकती है। रबड़ की सीट या गद्देदार बिछौना मिलने पर गाय अधिक समय तक आराम करती है। जिससे उसके शरीर में खून का संचार 25 से 30% बढ़ जाता है। जिसकी वजह से दूध का उत्पादन बढ़ता है।
एक लीटर दूध पैदा करने के लिए लगभग 500 लीटर खून को अयन की दुग्ध ग्रंथियों से गुजरना पड़ता है। एक गाय एक दिन में अपने आराम के लिए 10 से 15 बार बैठती या खड़ी होती है। यदि गाय गद्देदार बिछावन मिलने पर एक बार में एक मिनट ही अधिक आराम करें, तो दिन भर में उसे कम से कम 10 मिनट अधिक आराम का समय मिल जाता है। आराम की अवधि के दौरान उसमें खून का दौरा सवा गुना बढ़ जाता है।
इस प्रकार उसे 1 साल में 7 घंटे अधिक आराम मिल सकता है। गाय अधिक समय तक आराम करती है जिससे प्रति घंटे 1.7 किलोग्राम अधिक दूध मिल सकता है। अर्थात 7 घंटे में 102 किलोग्राम दूध का उत्पादन बढ़ जाता है।







