मुंबई,20 जुलाई 2018: भारत के विशाल वाहन बाजार में जापानी दो पहिया निर्माता कंपनी सुजुकी ने अपने नए बर्जमैन स्ट्रीट 125 स्कूटर को लॉन्च कर दिया। सुजुकी ने भारत में इस नए स्कूटर की कीमत 68000 रुपये रखी है। यह भारत में सुजुकी का दूसरा 125सीसी स्कूटर है।
बर्जमैन स्ट्रीट स्कूटर में सुजुकी ने चौड़ी, आरामदायक सीट दी है। इस स्कूटर में एलईडी हेडलाइट है। मल्टी फंक्शन की स्लॉट, अंडरसीट स्टोरेज, 12 वोल्ट चार्जिंग सॉकिट और एलईडी टेल लैम्प आदि फीचर्स भी इस स्कूटर में दिए गए हैं। सुजुकी बर्जमैन में 125 सीसी, सिंगल सिलिंडर इंजन दिया गया है जो 6500 आरपीएम पर 8.7 बीएचपी का पावर और 5,000 आरपीएम पर 10.2 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क जेनरेट करता है।
कंपनी दावे के अनुसार भारत में तीन रंगों में उपलब्ध इस स्कूटर का माइलेज 35 से 40 किलोमीटर प्रति लीटर है। कंपनी दावे के अनुसार बर्जमैन स्ट्रीट सुजुकी का भारत में पहला ऐसा स्कूटर है जिसमें फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है। दो पहिया वाहन विक्रेताओं का कहना है कि सुजुकी बर्जमैन स्ट्रीट 125 स्कूटर का भारत में होंडा ग्रेजिया टीवीएस एन टॉर्क और अप्रिलिया एसआर 125 से मुकाबला होगा।







