मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव गिरा
नई दिल्ली, 21 जुलाई 2018: लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार विरोधी गठबंधन पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाने वालों पर जनता का विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को भी एक दूसरे पर विश्वास नहीं है। राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस नेता पर देश को विश्वास है। उस पर विपक्ष को अविश्वास है।
लोकसभा में बोलते हुए गृहमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भावना का सम्मान किया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में भाजपा ऐसी गैर कांग्रेसी पार्टी है जिसे चुनाव में पूर्ण बहुमत मिला है।
उन्होंने कहा कि किसी गैर कांग्रेस राजनीतिक पार्टी को आजाद भारत के इतिहास में स्पष्ट बहुमत कभी प्राप्त नहीं हुआ है। गृह मंत्री ने कहा कि आज देश के ज्यादातर राज्यों में भाजपा की सरकार है। त्रिपुरा में पहली बार भाजपा ने भारी मतों से जीत कर अपने दम पर सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद उत्तर प्रदेश में बहुमत की सरकार बनी है। नोटबंदी के बाद देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकार बनी है। फिर भी विपक्ष क़ि आँखें नहीं खुली है।







