बेंगलुरु, 28 जुलाई 2018: डिजिटल पेमेंट कंपनी पेटीएम ने नोएडा में नया हेडक्वॉर्टर बनाने के लिए 10 एकड़ जमीन खरीदी है। यह देश की किसी कंज्यूमर इंटरनेट स्टार्टअप की तरफ से हाल के वर्षों में सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डील में से एक है। पेटीएम पर मालिकाना हक रखने वाली वन 97 कम्युनिकेशन ने नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-137 में यह जमीन खरीदी है।
प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स का कहना है कि यह सौदा 120-150 करोड़ रुपए का हो सकता है। उनके मुताबिक इस क्षेत्र में जमीन का रेट 12-15 करोड़ रुपए प्रति एकड़ है। हालांकि कंपनी ने जमीन सीधे नोएडा अथॉरिटी से खरीदी है इसलिए उसे शायद इससे कुछ कम कीमत चुकानी पड़ेगी।
पेटीएम के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरन वासिरेड्डी ने नए हेडक्वॉर्टर के लिए जमीन खरीदने की पुष्टि की लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि सौदा कितने में हुआ है। माना जा रहा है कि पेटीएम के नए हेडक्वॉर्टर में 15 हजार से अधिक लोगों के लिए जगह होगी। पेटीएम को साल 2010 में विजय शेखर शर्मा ने लॉन्च किया था। पिछले 8 साल में यह कंप्लीट फाइनैंशल सर्विसेज कंपनी बन गई है।







