मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह ट्रॉमा सेंटर का दौरा किया। मुख्यमंत्री के केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में आगमन पर वहां सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई। मुख्यमंत्री ने ट्रॉमा सेंटर के साथ ही पास के अस्पतालों का करीब 40 मिनट तक दौरा किया।
मुख्यमंत्री के दौरे के कारण ट्रॉमा सेंटर में अब किसी का भी प्रवेश बंद कर दिया गया है। उसको छावनी में बदल दिया गया। मीडिया के प्रवेश पर भी बैन लगा दिया गया। माना जा रहा है कि सीएम ने वहां मौजूद डॉक्टर्स के साथ ही मरीजों से भी आग का कारण पूछा। ट्रॉमा सेंटर के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने शताब्दी अस्पताल का दौरा किया। वह ट्रॉमा सेंटर से पैदल ही शताब्दी अस्पताल तक गए। इस दौरान वाहनों का काफिला खड़ा ही रहा। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लारी कार्डिलियोजी में लखनऊ के कार्यवाहक महापौर सुरेश चंद्र अवस्थी को भी देखने गए। करीब 40 मिनट के निरीक्षण के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान, गोमतीनगर का भी रुख किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण करने की सूचना से ही जिला तथा पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर था। ट्रॉमा सेंटर में भारी संख्या में पुलिसबल मौजूद था। ट्रॉमा सेंटर में किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्रॉमा सेंटर आने की सूचना पर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य के बाद चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ‘गोपाल’ भी वहां पहुंच गए। उन्होंने केजीएमयू के कुलपति प्रो भट्ट तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शंखवार से वार्ता भी की।







