ऊर्जा मंत्री का आश्वासन दोषियों पर होगी कठोर कार्यवाही
लखनऊ, 12 सितम्बर 2018: उरई में दलित उप खण्ड अधिकारी नवीन सिंह पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बिजली चेकिंग अभियान के दौरान मारपीट, अपहरण और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जानलेवा हमला किये जाने की घटना से आज पूरे प्रदेश के दलित अभियन्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस घटना को लेकर उप्र पावर आफिसर्स एसोसिएशन की आज प्रान्तीय कार्यसमिति की बैठक में यह घोषणा की गयी कि यदि दलित अभियन्ताओं पर इसी तरह हमला होता रहा तो आने वाले समय में पूरे प्रदेश के दलित अभियन्ता चेकिंग अभियान से अपने को अलग कर लेंगे और जब तक समुचित सुरक्षा नहीं प्रदान की जायेगी तब तक उनके द्वारा कोई भी चेकिंग अभियान नहीं चलाया जायेगा।
बता दें कि इस मामले में उप खण्ड अधिकारी द्वारा सम्बन्धित थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। केस की गम्भीरता को देखते हुए सम्बन्धित थाने में गम्भीर धाराओं व एससी/एसटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसोसिएशन ने तुरन्त गिरफतारी की मांग उठायी।
घटना की खबर लगते ही एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने शक्ति भवन में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री श्रीकान्त शर्मा से मुलाकात कर पूरे घटना की जानकारी से अवगत कराया। ऊर्जा मंत्री द्वारा एसोसिएशन को यह आश्वासन दिया गया कि किसी भी कार्मिक व अभियन्ता के साथ इस प्रकार की कार्यवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। पूरे मामले पर कठोर कार्यवाही के लिये निर्देश दे दिये गये हैं। एसोसिएशन द्वारा प्रबन्ध निदेशक दक्षिणांचल को भी पूरी घटना की जानकारी दे दी गयी है।
उप्र पावर आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष केबी राम, कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, अति महासचिव अनिल कुमार, सचिव आरपी केन, लेसा अध्यक्ष अजय कुमार, संगठन सचिव सीबी सिंह, राव साहब गौतम, राधेश्याम, प्रेमचन्द्र, एसपी कौशल, एनपी सिंह, रितेश आनन्द, आनन्द कनौजिया, रंजीत कुमार, अनिल कुमार, विकास दीप, हिमांशू शेखर, ने कहा लगातार हो रही इस प्रकार की घटना से पूरे प्रदेश के दलित अभियन्ताओं में काफी रोष व्याप्त है। ऐसे में पावर कार्पोरेशन प्रबन्धन व सरकार को समय रहते उचित कदम उठाना चाहिए।






