लखनऊ, 12 सितम्बर 2018: लखनऊ जिला चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में छठीं शिवानी कप संडे ओपन चेस टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 16 सितम्बर को मानसरोवर योजना, शहीद पथ स्थित शिवानी पब्लिक स्कूल में होगा।
लखनऊ जिला चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर दुबे ने बताया कि शिवानी पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित यह प्राइजमनी टूर्नामेंट चार श्रेणियों ओपन, अंडर-16 आयु वर्ग, अंडर-14 आयु वर्ग व अंडर-10 आयु वर्ग में स्विस सिस्टम और फिडे नियमों के तहत पांच राउंड का होगा। इस टूर्नामेंट की कुल 5000 हजार रूपए की ईनामी राशि दांव पर होगी।
उन्होंने बताया कि ओपन वर्ग में विजेता को ट्राफी व काफी मग के साथ नगद पुरस्कार दिया जाएगा जबकि पहले पांच खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार व काफी मग दिया जाएगा। इसके साथ अंडर-16, अंडर-14 व अंडर-10 आयु वर्ग में विजेताओं को ट्राफी मिलेगी जबकि इन तीनों आयु वर्गों में पहले तीन प्रतिभागियों को नगद ईनाम व काफी मग भी पुरस्कार में दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता का प्रविष्टि शुल्क 200 रूपए है तथा भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टि 16 सितम्बर को सुबह 9ः30 बजे तक दे सकते है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नः 7459899385 पर सम्पर्क कर सकते है।







