भाजपा ने कहा श्री पारिकर मुख्यमंत्री बने रहेंगे
नई दिल्ली, 18 सितम्बर 2018: गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पारिकर के लंबे समय अस्वस्थ होने की वजह से राज्य में नई सरकार को लेकर हलचल तेज हो गई है। बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद कांग्रेस सरकार बनाने से चूक गई थी, लेकिन अब वह एक बार फिर राज्य में सरकार बनाने की कोशिश में लग गई है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने श्री पारिकर के स्थान पर किसी और को मुख्यमंत्री बनाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि वह पद पर बने रहेंगे।
बता दें कि कांग्रेस के विधायक सोमवार को राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात करने के लिए पहुंचे, लेकिन भेंट नहीं हो सकी। कांग्रेसी नेताओं ने राजभवन में एक पत्र दिया। जिसमें पार्टी ने राज्यपाल से सरकार बनाने के लिए मौका देने की मांग की है। राज्य में 16 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के विधायक दल के नेता चंद्रकांत कावलेकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमने राज्यपाल को ज्ञापन सौपें हैं।
एक ज्ञापन में कहा गया है कि विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन हमें सरकार बनाने का मौका नहीं दिया गया। उसका परिणाम सामने हैं कि राज में सरकार किस तरीके से चल रही है। सरकार होते हुए भी नहीं के बराबर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त विधायक है। इसलिए हमने सरकार बनाने का दावा किया है।उन्होंने कहा कि राज्यपाल यहां रविवार को आएंगे तब हम उनसे सरकार बनाने के लिए मौका देने का आग्रह करेंगे।







