राफेल सौदे में प्रधानमंत्री पर किया सीधा हमला
नई दिल्ली, 23 सितम्बर 2018: राफेल डील पर अब विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल विमान सौदे को लेकर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के बयान पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जवाब देने की मांग की और उन पर ‘भ्रष्ट’ तथा ‘चोर’ होने के आरोप लगाए।
बता दें कि राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में विशेष रूप से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राफेल सौदा ओलांद और मोदी ने किया था और फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा है कि मोदी ने ही अनिल अंबानी की कंपनी को साझेदार बनाने के लिए कहा था। पूर्व फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा है कि साझेदार बनाने में फ्रांस की कोई भूमिका नहीं है।

उन्होंने कहा कि ओलांद हिन्दुस्तान के प्रधानमंत्री को ‘चोर’ कह रहे हैं, लेकिन वह चुप्पी साधे हुए हैं। यह भारतीय इतिहास में पहली बार हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह हिन्दुस्तान के प्रधानमंत्री के पद की प्रतिष्ठा से जुड़ा मामला है और मोदी को इस पर सफाई देते हुए सच बताना चाहिए। उन्हें कहना चाहिए कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति सही नहीं बोल रहे हैं, लेकिन उनके मुंह से आवाज नहीं निकल रही है। यह देश के जवानों के भविष्य, देश की सुरक्षा और भ्रष्टाचार का मुद्दा है।
राफेल सौदे के बारे में वित्त मंत्री अरुण जेटली और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण बयान दे रही हैं जबकि बोलना मोदी को चाहिए। राहुल ने राफेल सौदे की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति गठित करने की मांग दोहराई। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि समिति बनने दीजिए और सबको बुला लिया जाएगा। जांच में सहयोग के लिए ओलांद को भी बुलाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जेटली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वह बहुत अच्छे ब्लॉग लिखते हैं, लेकिन संयुक्त संसदीय समिति के मुद्दे पर मौन रहते हैं। मोदी को भ्रष्ट करार देते हुए राहुल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री कार्यालय की मदद करना चाहते हैं। लोगों के दिमाग में यह बात घर कर गई है कि प्रधानमंत्री ‘‘भ्रष्ट’ हैं और देश का चौकीदार ‘‘चोर’ है।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को यह जानना चाहिए कि प्रधानमंत्री ने अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ का तोहफा दिया है। अंबानी 45 हजार करोड़ रुपये के कर्ज में फंसे हैं। मोदी ने देश के युवाओं और जवानों की जेब का पैसा निकालकर अंबानी की जेब में डाला है। श्री मोदी ने देश का भरोसा तोड़ा है।
राहुल ने कहा कि सीतारमण बार-बार झूठ बोल रही हैं। पहले उन्होंने कहा कि वह राफेल विमान की कीमत बताएंगी, लेकिन फिर गोपनीय समझौते का हवाला देते हुए कहा कि इसका खुलासा नहीं किया जा सकता जबकि वास्तविकता यह है कि इसमें कोई गोपनीयता नहीं है।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दी राहुल को सोचकर बोलने की सलाह:
राहुल को मैं यह सलाह जरूर दूंगा कि किसी के भी विरुद्ध गंभीर आरोप लगाने से पहले चार बार सोचा जाना चाहिए: राजनाथ सिंह
लालू यादव ने कसा तंज और बोले:
यह देश का चौकीदार ईमानदार है तो उसे सच बताने में किस बात का डर है।- लालू प्रसाद यादव







