- पेट्रोल मूल्य में 11 पैसे, और डीजल में 5 पैसे की वृद्धि
- महाराष्ट्र के कुछ जिलों में 91 रुपए तक भी बिका तेल
मुंबई, 25 सितम्बर 2018: डीजल- पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों से देश में हाहाकार मचा हुआ है। इस बीच मुंबई में सोमवार को पेट्रोल 90 रुपए प्रति लीटर हो गया। बता दें कि रुपए में गिरावट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम बढ़ने से देशभर में वाहन ईधन के दाम अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गए हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार सोमवार को पेट्रोल के दाम 11 पैसे प्रति लीटर और डीजल के पांच पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं।
मीडिया ख़बरों के अनुसार इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 82.72 रपए प्रति लीटर और डीजल 74.02 रपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मुंबई में पेट्रोल पहली बार 90 रपए लीटर के आंकड़े के पार गया है। शहर में इंडियन आयल कारपोरेशन के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 90.08 रपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पंपों पर 90.17 रपए लीटर और भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंपों पर 90.14 रपए लीटर पर पहुंच गया है।
भारत कच्चे तेल का तीसरा सबसे बड़ा आयातक है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से यहां कीमतें प्रभावित हो रही हैं। आधे से अधिक देशों में ब्रेंट को तेल कीमतों का मानक माना जाता है। पिछले पांच सप्ताह में ब्रेंट के दाम 71 डॉलर प्रति बैरल से 80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए हैं। दिल्ली के ईंधन के दाम सबसे कम हैं क्योंकि यहां कर की दर निचले स्तर पर है। मुंबई में ईंधन पर बिक्री कर और वैट की दर सबसे अधिक है। इसी अवधि में डालर के मुकाबले रुपया पांच छह प्रतिशत टूटा है।







