मायावती और जोगी का गठजोड़ तीसरी ताकत के रूप में उभरेगा
नई दिल्ली, 25 सितम्बर 2018: मायावती-जोगी के गठजोड़ से राजनितिक नफे नुक्सान के मायने निकाले जाने लगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्वीकार किया है कि राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की छत्तीसगढ़ जन कांग्रेस और बसपा के गठजोड़ के आगामी विधानसभा चुनावों में तीसरी ताकत के रूप में उभरने की संभावना है जिसका नुकसान कांग्रेस को अधिक होगा।
मुख्यमंत्री ने यहां दिल्ली से आये पत्रकारों से कहा कि मायावती और जोगी की पार्टी की तीसरी शक्ति के रूप में चुनाव लड़ने से भाजपा और कांग्रेस दोनों के वोट कटेंगे लेकिन ज्यादा नुकसान कांग्रेस को होगा। उन्होंने जोगी को राज्य का बड़ा नेता बताया और कहा कि उनका एक बड़ा जनाधार भी है। कांग्रेस द्वारा जोगी-मायावती के गठजोड़ को भाजपा की ‘‘बी’ टीम बताये जाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि हताशा और कुंठा में ऐसे आरोप लगाये जा रहे हैं क्योंकि भाजपा इस चुनाव में पिछले तीन चुनावों की तुलना में अधिक सीटों पर विजयी होने जा रही है।
चुनाव जीतने और डेढ़ दशक के सत्ता विरोधी रुझान से निपटने की रणनीति की र्चचा करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से 65 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं और 25 क्षेत्रों का दौरा करना है। इससे अहसास हो रहा है कि इस बार पहले से बड़ी जीत होने जा रही है।







