- डेढ़ सौंवी जयंती पर महात्मा गांधी संग अटल और नीरज को समर्पित आयोजन
- आज मिलेगा खिलाड़ी सुधा सिंह को प्रदेश गौरव सम्मान
लखनऊ, 30 सितम्बर 2018: प्रौढ़ और बुजुर्गों को ही नहीं, इस मोबाइल युग में भी बाल और यवा पुस्तक प्रेमियों को किताबें राणाप्रताप मार्ग मोतीमहल लान में चल रहा सोलहवां राष्ट्रीय पुस्तक मेला अपनी ओर खींच रहा है। यहां जिंदगी की कश्मकश को सुलझाने की राह दिखाने, नये संदेश वाली किताबों का अथाह भण्डार है। साथ ही यहां लगभग लुप्त हो चुकी शब्दभेदी बाण जैसी कला के दर्शन का आनन्द भी लोगों को साहित्यिक-सांस्कृतिक आयोजनों के मध्य मिल रहा है। मेले में कल शाम खिलाड़ी सुधा सिंह प्रदेश गौरव सम्मान से नवाजी जायेंगी।
दि फेडरेशन आॅफ पब्लिशर्स एण्ड बुकसेलर्स एसोसिएशन्स इन इण्डिया, नई दिल्ली के सहयोग से हो रहे के.टी.फाउण्डेशन व फोर्सवन के इस आयोजन में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती की थीम पर आधारित और पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी बाजपेयी, गीतकार नीरज व मुनि तरुणसागर को समर्पित निःशुल्क प्रवेश वाले मेले में न्यूनतम 10 फीसदी की छूट हर पुस्तक पर उपलब्ध है। मेला यहां रोज सुबह 11 से रात नौ बजे तक चलेगा।

मेले के गांधी बाल एवं युवा मंच पर ज्योतिकिरन रतन के संयोजन में आज विविध आयोजन हुए। यहां डांस, काव्यपाठ और गायन प्रतियोगिता में प्रसिद्ध ने गांधी तेरे देश में… जैसा गीत गाया तो रुद्र कला अकादमी की समूह डाण्डिया व अन्य नृत्य की प्रस्तुतियां आकर्षक रही। प्रतियोगिताओं में अंकिता, तनिष्का, उदिशा, मनस्वी, चिन्मय, लक्ष्य, स्तुति जैन, अंशुमान, मानवी, गुरकीरत, जाह्नवी, आद्रिका, अमोघ, शुभि, संस्कृति आदि अनेक बच्चों ने भाग लिया।
आज के साहित्यिक आयोजनों में आलोक कुमार दुबे के पहले कथा संग्रह मकड़जाल का लोकार्पण रचनाकार सुधाकर अदीब, संजीव जायसवाल व डा.अमिता दुबे आदि विद्धानों की मंच पर उपस्थिति में हुआ।






