नई दिल्ली, 16 अक्टूबर 2018: भारत के युवा स्टार पृथ्वी शॉ और रिषभ पंत ने भारत और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्टों की सीरीज के बाद सोमवार को जारी आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगायी है जबकि करियर में पहली बार 10 विकेट की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबा उमेश यादव को भी गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा मिला है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में मैन ऑफ द सीरीज बने युवा बल्लेबाज और अपनी कप्तानी में न्यूजीलैंड में हुये आईसीसी अंडर-19 क्रि केट विश्वकप में भारत को जीत दिलाने वाले पृथ्वी का वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-0 की सीरीज जीत में अहम योगदान रहा था। वह हैदराबाद टेस्ट से पहले 73वीं रैंकिंग पर थे लेकिन दूसरे मैच में 70 और नाबाद 33 रन की पारियों से उन्हें 13 स्थान का सुधार मिला और वह अब बल्लेबाजी रैंकिंग में 60वें नंबर पर पहुंच गये हैं।
पृथ्वी ने राजकोट में अपने पहले टेस्ट में शतक लगाया था। उनके अलावा युवा विकेट कीपर बल्लेबाज रिषभ पंत ने भी अपने प्रदर्शन से रैंकिंग में सुधार किया है। उन्होंने दोनों मैचों में 92, 92 रन की बड़ी पारियां खेलीं और 23 स्थान उठकर 62वें नंबर पर पहुंच गये हैं।
इस दिल्ली के बल्लेबाज ने सीरीज की शुरुआत 111वीं रैंकिंग के साथ की थी। भारतीय टेस्ट उपकप्तान अजिंक्या रहाणो चार स्थान के सुधार के साथ 18वें नंबर पर पहुंच गये हैं। दूसरी ओर टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में उमेश यादव को चार स्थान का फायदा हुआ है और वह भी 25वें नंबर पर पहुंच गये हैं। उमेश भारत के मात्र तीसरे तेज गेंदबाज हैं जिन्होंने घरेलू मैदान पर टेस्ट मैच में 10 विकेट लिये हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली का भी सीरीज में शानदार प्रदर्शन रहा था और वह टेस्ट बल्लेबाजों में अपने शीर्ष स्थान पर बने हुये हैं।







