राम मंदिर के पास मस्जिद निर्माण की बात ठीक नहीं: उमा भारती
नई दिल्ली, 04 नवंबर 2018: लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही राम मंदिर मुद्दा तेजी से गर्म हो रहा है। केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने रविवार को कहा कि हिंदू दुनिया में ‘सर्वाधिक सहिष्णु’ लोग हैं। लेकिन अयोध्या में राममंदिर की परिधि में मस्जिद निर्माण की बात उन्हें ‘असहिष्णु’ बना सकती है। उमा भारती ने इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके साथ अयोध्या में मंदिर निर्माण की आधारशिला रखने के लिए आमंत्रित किया और कहा कि वह ऐसा करके अपनी पार्टी के पापों का प्रायश्चित कर लेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘हिंदू विश्व में सबसे सहिष्णु लोग हैं। मैं सभी राजनीतिज्ञों से अपील करती हूं, कृपया अयोध्या में भगवान राम के जन्मस्थान के बाहरी दायरे में एक मस्जिद निर्माण की बात करके उन्हें असहिष्णु न बनायें।’
उन्होंने कहा कि जब पवित्र मदीना नगर में एक भी मंदिर नहीं हो सकता या वेटिकन सिटी में एक भी मस्जिद नहीं हो सकती तो अयोध्या में किसी मस्जिद की बात करना ‘अनुचित’ होगा. उन्होंने अयोध्या विवाद को आस्था नहीं बल्कि जमीन का विवाद बताया और कहा, ‘अब यह मात्र जमीन विवाद का एक मामला है, आस्था का नहीं है. यह तय है कि अयोध्या भगवान राम का जन्मस्थान है’।







