रेलवे मेन्स फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र पर रेल मंत्री पीयूष गोयल के बयान व मांगें न माने जाने से हुए नाराज, रेलमंत्री का सुरक्षाकर्मी घायल
लखनऊ, 17 नवंबर 2018: लखनऊ से बुरी खबर है। रेल मंत्री पीयूष गोयल के आपत्तिजनक बयान पर रेलकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित रेल कर्मचारियों ने उन्हें खदेड़ दिया। किसी ने गमला फेंक कर मारा और श्री गोयल के सर ओर मामूली चोट आई। कर्मचारी हज़ारों में थे और पुलिस बड़ी मुश्किल से मंत्री को भीड़ से बचा कर निकाल पाई।
चारबाग रेलवे स्टेडियम में गुरुवार को नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के अधिवेशन के दूसरे दिन रेलकर्मी उस समय आक्रोशित हो गये जब मुख्य अतिथि के तौर पर आए रेल मंत्री पीयूष गोयल ने आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र पर कर्मचारियों को गुमराह करने और नई पेंशन स्कीम की वकालत की।
स्टेडियम में मौजूद हजारों रेलकर्मियों ने अपने नेता के खिलाफ बयानबाजी से खफा होकर रेलमंत्री का घेराव किया, कुर्सियां फेंकी, गमले फेंके और जमकर नारेबाजी की। आरपीएफ व पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रेलमंत्री को उनकी कार तक पहुंचाया। उनकी कार पर भी रेलकर्मियों ने कुर्सियां फेंकी।
रेलमंत्री ने मंच संभालते ही आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आप (यूनियन) क्यों युवाओं को गलत रास्ता दिखा रहे हो। अप्रेंटिसशिप को लेकर कोर्ट का निर्णय है कि उनकी नियुक्ति पारदर्शिता से हो। कहीं ऐसा नियम नहीं है कि कोर्स के बाद नौकरी दी ही जाएगी। मैने ही जब 1.30 लाख भर्तियां निकाली तो अप्रेंटिसशिप के लिए सीटें आरक्षित की, यदि हम सीधे अप्रेंटिस करने वालों को नौकरी देते तो आज कोर्ट में बैठे होते।
यूनियन किसी को बहकाती नहीं है, यह रेलकर्मियों का अधिकार है
रेलमंत्री ने जैसे ही अपना भाषण खत्म किया तो आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र ने मंच पर आकर बहुत ही कड़े तेवर में कहा कि यूनियन किसी को बहकाती नहीं है, यह रेलकर्मियों का अधिकार है। जोशीला भाषण सुनते ही सौ से अधिक रेलकर्मियों ने रेलमंत्री को मंच के सामने ही घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। यह देख आरपीएफ के 20-25 जवानों ने मोर्चा संभाला। वह रेलमंत्री को लेकर वहां से निकलने लगे। इससे रेलकर्मियों का गुस्सा और भड़क उठा और उन पर गमला फेंकना शुरू कर दिया। गमला रेलमंत्री की सुरक्षा में लगे आरपीएफ के जवान पंकज शुक्ल के ऊपर लगा। फिलहाल सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह सेफ निकला और इसके बाद श्री गोयल कार में बैठकर सुरक्षित एयरपोर्ट रवाना हो गए।







