केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार से इस मामले में पूरी रिपोर्ट तलब की
नई दिल्ली, 04 दिसम्बर 2018: किसान द्वारा प्याज की पूरी फसल की बिक्री से प्राप्त हुयी मामूली रकम प्रधानमंत्री को भेजने के मामले एक नया मोड़ आ गया है। बता दें कि महाराष्ट्र के एक किसान द्वारा प्याज की पूरी फसल की बिक्री से मिली मामूली रकम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिए जाने की खबरों पर संज्ञान लेते हुए केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार से इस मामले में पूरी रिपोर्ट तलब की है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नासिक जिले की निफाड़ तहसील के किसान संजय साठे ने रविवार को दावा किया था कि उसे इस मौसम में 750 किलोग्राम प्याज के लिए महज 1,064 रुपये मिले।

अपना विरोध दर्ज कराते हुए किसान ने कहा कि उसने 29 नवंबर को 1,064 रुपये ‘नरेंद्र मोदी, भारत के प्रधानमंत्री’ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में भेज दिया। नासिक के कार्यवाहक रेजिडेंट कलक्टर शशिकांत मंगरुले ने मीडिया को बताया कि हमें केंद्र की तरफ से राज्य सरकार द्वारा कहा गया है कि क्षेत्र में प्याज के उत्पादन और मनी ऑर्डर भेजने वाले किसान की असल स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट दी जाये।
उन्होंने कहा कि अभी नासिक क्षेत्र में प्याज का उत्पादन निश्चित तौर पर बढ़ा है। हमने रिपोर्ट में इन बातों का जिक्र किया है और इसे राज्य सरकार को सौंपा है। हम अगले निर्देशों का इंतजार करेंगे। साठे ने कहा कि उसे उम्मीद है कि केंद्र सरकार क्षेत्र में प्याज उत्पादक किसानों के लाभ के लिए कोई कदम उठाएगी।
हताशा और तकलीफ जाहिर करने के मकसद से प्रधानमंत्री को पैसे भेजे: किसान
इधर किसान ने कहा कि मैंने अपने समुदाय की हताशा और तकलीफ जाहिर करने के मकसद से प्रधानमंत्री को पैसे भेजे। भारत में प्याज के कुल उत्पादन में से करीब 50 फीसदी प्याज का उत्पादन महाराष्ट्र के नासिक जिले में होता है।







