प्रदेश में 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिक बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धासुमन अर्पित कर करेंगे उन्हें नमन
लखनऊ, 05 दिसम्बर 2018: बाबा साहब डा भीम राव अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस ( 6 दिसम्बर) को पूरे प्रदेश में 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिक आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के आहवान पर बाबा साहब को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति संयोजक मण्डल द्वारा प्रातः 8 बजे बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन प्रतीक स्थल, गोमती नगर में बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। पूरे प्रदेश के सभी संयोजकों को यह निर्देश दिये गये हैं कि वह बाबा साहब के बताये हुए रास्ते पर चलने के लिये समाज को जागरूक करें। जिस प्रकार से आरक्षण विरोधी ताकतें बाबा साहब के नाम समाज को गुमराह कर रही हैं। उसके लिये सभी आरक्षण समर्थकों का यह कर्तव्य है कि वह बहुजन समाज को गुमराह होने से बचायें।
इस सम्बन्ध में आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति, उप्र के संयोजकों में अवधेश कुमार वर्मा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार, अन्जनी कुमार, प्रेम चन्द्र, रंजीत कुमार, दिनेश कुमार, जय प्रकाश, आनन्द कनौजिया सुनील कनौजिया ने एक सयुंक्त बयान में कहा कि बाबा साहब द्वारा बनायी गयी संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा करने के लिये देश का आरक्षण समर्थक हर कुर्बानी देने के लिये तैयार रहेगा। बाबा साहब की बदौलत ही आज पूरे देश में बहुजन समाज को इज्जत, प्रतिष्ठा, शिक्षा और सम्मान मिला है, इसे पूरे देश के बहुजन समाज को बचा के रखना है।







