तकनीक की मदद से बिचौलियों को हटाने की कोशिश कर रही हमारी सरकार
नई दिल्ली, 08 दिसम्बर 2018: क्रिश्चियन मिशेल की गिरफ़्तारी और प्रत्यपर्ण के दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक चुनावी रैली में कहा था कि अब बड़े राज खुलेंगे। ये बात लगभग अब सही साबित होती दिख रही है।
भ्रष्टाचार पर सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि आर्थिक अपराधियों और भगोड़ों को दुनिया में कहीं भी सुरक्षित पनाहगाह ना मिले इसके लिए उनकी सरकार प्रयासरत है और आशा है कि यह कोशिश रंग लाएगी।
बता दें कि मोदी ने यहां दैनिक जागरण के हीरक जयंती समारोह में कहा, उत्पादक और उपभोक्ता को जितना संभव हो पाए उतना पास लाया जाए। भ्रष्टाचार चाहे किसी भी स्तर पर हो, हमारी नीति स्पष्ट भी है और सख्त भी। उन्होंने कहा कि जो आर्थिक अपराध करने वाले हैं, भगोड़े हैं, उनको दुनिया में कहीं भी सुरक्षित पनाहगाह ना मिले इसके लिए भारत ने कुछ सुझाव अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के बीच रखे हैं। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि हमारी यह मुहिम रंग लाएगी।
मोदी ने कहा कि पिछले दिनों अर्जेंटीना में ‘जी-20’ शिखर सम्मेलन में आए नेताओं से उनकी बातचीत हुई। उन्होंने अपनी बातें दुनिया की ताकतवर अर्थव्यवस्थाओं के बीच रखी। उन्होंने जोर दिया कि गरीबों के सशक्तिकरण के माध्यम तैयार करने का यह काम सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहने वाला, आने वाले समय में इसका विस्तार होना है। हमारा प्रयास है कि तकनीक की मदद से बिचौलियों को हटाया जाए।







