कीर्ति आजाद ने की किसानों के दो लाख तक कर्ज माफी की मांग
पटना, 26 दिसम्बर 2018: भारतीय जनता पार्टी के निलंबित सांसद कीर्ति आजाद ने दरभंगा एयरपोर्ट परिसर से व्यावसायिक उड़ानों के संचालन के लिए सिविल एन्क्लेव बनाने की प्रक्रिया का श्रेय लेने का आरोप बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर लगाया।
आजाद ने कहा कि इन दोनों की दोस्ती दूसरे की योजनाओं का श्रेय लेने के लिए है, जबकि दरभंगा से हवाई सेवा शुरू करवाने की मंशा बिहार सरकार की कभी नहीं रही है। उन्होंने कहा कि दरभंगा में आयोजित कार्यक्रम में मेरी उपेक्षा की गई और स्थानीय मिथिला वासियों को अपमानित किया गया। उन्होंने बताया कि वे खरमास बाद 17 – 18 जनवरी को अपनी आगे की रणनीति के बारे में घोषणा करेंगे।
आज राजधानी पटना के होटल पाटलिपुत्र अशोक में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान कीर्ति आजाद ने कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर झांसा दिया जा रहा है, यही वजह है कि राज्य सरकार ने 30 एकड़ जमीन अधिग्रहण मामले को लटका कर रख दिया है। फिर भी हमारी कोशिश के बाद केंद्र सरकार ने रक्षा मंत्रालय के स्वामित्व वाली जमीन पर कार्य आरंभ किया है।
उन्होंने दरभंगा से हवाई सेवा शुरू करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री मोदी लिखी चिट्ठी और एक तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि 8 दिसंबर 2015 को मेरी अगुवाई में उत्तर बिहार के सभी सांसदों ने दरभंगा से हवाई सेवा शुरू करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री से मिला और ज्ञापन सौंपा था। उसी का नतीजा है कि दरभंगा से हवाई सेवा आरंभ करने के लिए नागर विमानन मंत्रालय द्वारा कार्यवाही आरंभ हुई। हमने इसके लिए बहुत मेहनत की।







