ओडिशा में 1550 करोड़ की परियोजनाओं के अनावरण के बाद बोले पीएम मोदी
नई दिल्ली, 16 जनवरी 2019: प्रधानमंत्री ने मंगलवार को कहा कि उन्हें सत्ता से हटाने की साजिश रची जा रही है, क्योंकि उनकी सरकार ने फर्जी दस्तावेजों के जरिये 90,000 करोड़ रुपये की लूट पर रोक लगा दी। श्री मोदी की ताजा ओडिशा यात्रा पिछले तीन सप्ताह में प्रदेश की उनकी तीसरी यात्रा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने यहां एक सरकारी समारोह में 1550 करोड़ रुपये की केंद्रीय परियोजनाओं के अनावरण के बाद भाजपा की एक रैली में कहा, ‘हमने पिछली सरकारों में बिचौलियों द्वारा की जाती रही सरकारी धन की लूट पर रोक लगा दी। हमने छह करोड़ से ज्यादा फर्जी राशन कार्ड, एलपीजी कनेक्शन और फर्जी पेंशन का भंडाफोड़ किया।’
उन्होंने कहा, ‘सबका साथ सबका विकास किया गया है।’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘अवसरों की गैर-मौजूदगी में समाज में अंतराल बड़ा होता जा रहा है। सामान्य श्रेणी के गरीबों को नौकरियों तथा शिक्षा के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए संविधान में संशोधन कर बड़ा कदम उठाया गया है और ओबीसी, एससी तथा एसटी के संवैधानिक अधिकारों को प्रभावित नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि जो बच्चे पैदा ही नहीं हुए, जो लोग हैं ही नहीं, उनके नाम पर पैसा निकाला जा रहा था। इन गड़बड़ियों को रोककर करीब 90 हजार करोड़ रुपये बचाए गए। लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों के एकजुट होने की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा कि साजिशें रची जा रही हैं और अब कुछ षड्यंत्रकारी मिल गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं भगवान जगन्नाथ की इस धरती के लोगों को बताना चाहता हूं कि यह चौकीदार सरकारी पैसे की लूट पूरी तरह रोकने के बाद ही चैन से बैठेगा।’’ मोदी ने कहा, ‘चौकीदार सरकारी धन को लूटने वालों को सजा दिलाने के बाद ही आराम करेगा।’’आरक्षण कोटा बड़ा कदम : सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण पर बोलते हुए मोदी ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कार्य किया गया है।






