- संविधान बचाओ, देश बचाओ नारे के साथ धरने पर बैठीं ममता बनर्जी, अखिलेश,केजरीवाल ने किया समर्थन
- सीबीआई अफसरों को पहले हिरासत में लिया, बाद में किया रिहा
नई दिल्ली, 04 फरवरी 2019: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को केंद्र पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर आरोप लगाया कि वे राज्य में तख्ता पलट का प्रयास कर रहे हैं। ममता ने आरोप लगाया कि सीबीआई कार्रवाई ‘राजनीतिक रूप से प्रतिशोध वाली’ और संवैधानिक मानदंडों पर हमला है। बाद में वह एस्प्लेनेड में धरने पर बैठ गयीं।
बता दें कि कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार, पश्चिम बंगाल के डीजी वीरेंद्र और एडीजी (कानून व्यवस्था) अनुज शर्मा भी धरना स्थल पर मौजूद थे। एक तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हम ममता बनर्जी के नेतृत्व में संविधान की रक्षा के लिए यहां आए हैं।
इससे पहले कुमार के आवास के बाहर ममता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के आदेश पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सीबीआई को राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने का निर्देश दे रहे हैं। मोदी जांच एजेंसियों के अफसरों को अपने घर बुलाकर कहते हैं कुछ करो कुछ तो करो। उन्होंने कहा, ‘मुझे ऐसे प्रधानमंत्री से बात करने में शर्म महसूस होती है जिनके हाथों में खून लगा है।’
ममता ने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी और अमित शाह राज्य में तख्तापलट का प्रयास कर रहे हैं क्योंकि हमने 19 जनवरी को विपक्ष की रैली आयोजित की थी। हम जानते थे कि रैली आयोजित करने के बाद सीबीआई हम पर हमला बोलेगी।’ वह ब्रिगेड रैली का जिक्र कर रही थीं जिसमें करीब 20 विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए थे।
यह सभी दिखें ममता के समर्थन में:
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, जद(स) नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन, राजद नेता तेजस्वी यादव, आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, नेशनल कांफ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला, बसपा सुप्रीमो मायावती और शरद यादव
हम कोलकाता पुलिस प्रमुख से पूछताछ करने गए थे: सीबीआई
हम उन्हें हिरासत में लेते : पंकज श्रीवास्तव (संयुक्त निदेशक सीबीआई)
मीडिया ख़बरों के अनुसार उधर सीबीआई के संयुक्त निदेशक पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि एजेंसी के अधिकारी कोलकाता पुलिस प्रमुख राजीव कुमार के आवास पर उनसे चिटफंड मामले में पूछताछ करने गए थे और ‘‘वह हमारा सहयोग नहीं करते तो हम उन्हें हिरासत में लेते।’
कोलकाता पुलिस प्रमुख से पूछताछ करने की सीबीआई की कोशिश ने उस समय अप्रत्याशित मोड़ ले लिया जब उन्हें पुलिस प्रमुख के आवास में प्रवेश करने से रोका गया। तेजी से हो रहे इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘हम पुलिस प्रमुख के आवास पर जांच के लिए पहुंचे थे। और अगर वह हमारा सहयोग नहीं करते तो हम उन्हें हिरासत में लेते।’
उनसे जब पुलिस अधिकारियों द्वारा सीबीआई कार्यालयों की घेराबंदी और उनके खुद के घर की घेराबंदी करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मुझे भी हिरासत में लिया गया और मेरे घर के बाहर पुलिस अधिकारी खड़े हैं।’ संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों को पूछताछ के बाद थाने से जाने दिया गया है।
त्रिपाठी ने कहा, ‘‘कहा कि वह यहां एक गुप्त अभियान के लिए आए थे। हमें नहीं पता कि यह किस तरह का अभियान है। बाद में शाम में केंद्रीय बल कोलकाता के सीबीआई कार्यालय पहुंचे, जिसकी घेराबंदी शहर की पुलिस पहले ही कर चुकी है।’






