- कांग्रेस अध्यक्ष बोले, हर गरीब व्यक्ति को न्यूनतम आय की गारंटी
पटना, 04 फरवरी 2019: बिहार में रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों का ध्यान अपनी ओर खिंचते हुए कहा कि अगर केंद्र में उनकी सरकार आयी तो देश के किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा। उन्होंने मोदी सरकार को चेताते हुए कहा कि जबतक देशभर के किसानों का कर्ज माफ नहीं होगा मैं चैन से नहीं बैठूंगा।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित जन आकांक्षा रैली को सम्बोधित कर रहे थे। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने एक ओर जहां उद्योगपतियों के हजारों करोड़ माफ किए वही किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। उन्होंने कहा कि बजट में जो किसानों को छह हजार रुपये देने की बात की वह भी जुमला साबित होगा।
उन्होंने कहा कि हम हर गरीब व्यक्ति को न्यूनतम आय की गारंटी देंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले नारा लगता था कि अच्छे दिन आएंगे, अब नारा लगता है कि चौकीदार चोर है। उन्होंने तेजस्वी को युवा व सच्चा नेता बताया। रैली को कांग्रेस नेताओं के अलावा भाकपा, हम, लोजद के नेताओं ने भी संबोधित किया।






