लखनऊ, 09 फरवरी 2019: प्रधानमंत्री द्वारा महामिलावटी गठबंधन वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि यह ऐसी महामिलावट है कि कौन कहां मिट जाएगा किसी को पता नहीं है। श्री यादव ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री के बृहस्पतिवार को लोकसभा में दिये बयान के परिप्रेक्ष्य में कहा ‘‘भारतीय जनता पार्टी’ और श्री मोदी को पता होना चाहिए कि यह ऐसी महामिलावट है कि कौन कहां मिट जायेगा किसी को पता नहीं है।’
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर किये गये तंज पर अखिलेश ने कहा ‘‘सबको पता है कि कौन ‘चोर’ है और कौन ‘चौकीदार’। हालांकि इस तरह की भाषा सपा के शब्दकोष में नहीं है। समाजवादी सबका सम्मान करते हैं।’ लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ महागठबंधन में शामिल होने की किसी भी संभावना को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया।
श्री यादव ने उच्च शिक्षण संस्थानों में आरक्षण रोस्टर सिस्टम का विरोध करते हुए कहा, कुंभ में उन्होंने गंगा स्नान के समय संकल्प लिया था कि यदि उनकी पार्टी को मौका मिलेगा तो जातीय आंकड़े लाये जायेंगे और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाया जायेगा।






