- जल्द ही संपूर्ण उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर (फ़ेज़ -1ए) पर शुरू होगा कॉमर्शियल रन
- एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक ने मुंशीपुलिया से लेखराज के बीच मेट्रो स्टेशनों पर कॉमर्शियल रन की तैयारियों का लिया जायज़ा
लखनऊ, 01 मार्च 2019: लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने चौधरी चरण सिंह (सीसीएस) एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया तक संपूर्ण उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर को यात्री सेवाओं हेतु पूर्णरूप से शुरू करने की दिशा में अपनी सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। संपूर्ण कॉरिडोर के परिचालन से पूर्व, एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने मुंशीपुलिया से लेखराज के बीच मेट्रो स्टेशनों पर चल रहीं अंतिम दौर की तैयारियों का जायज़ा लिया और कॉरिडोर की पूर्णरूप से शुरुआत हेतु मेट्रो स्टाफ़ को कमर कस लेने के लिए प्रेरित भी किया।
इस दौरे के दौरान, श्री केशव ने बैलेंस सेक्शन के नवनिर्मित स्टेशनों पर तैनात स्टेशन कंट्रोलर्स/ट्रेन ऑपरेटर्स और कस्टमर रिलेशन असिस्टेन्ट्स (सीआरए) के साथ उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों के विषय में विस्तार से चर्चा की और उनका मार्गदर्शन भी किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्टेशनों पर सुरक्षा से जुड़े इंतज़ामों का भी विधिवित जायज़ा लिया। प्रबंध निदेशक श्री केशव ने स्टेशनों पर काम करने वाले हाउस कीपिंग स्टाफ़ को स्टेशनों पर साफ़-सफ़ाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी ताकि भविष्य में यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

स्टेशन परिसर के साथ-साथ उन्होंने सिविल इंजीनियरों की टीम के साथ स्टेशनों के बाहर पार्किंग की व्यवस्था का भी विश्लेषण किया और यह सुनिश्चित किया कि संपूर्ण उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर (फ़ेज़ – 1ए) के रेवेन्यू ऑपरेशन्स शुरू होने के बाद केडी सिंह बाबू स्टेडियम से मुंशीपुलिया तक बैलेंस सेक्शन के सभी एलिवेटेड स्टेशनों के बाहर यात्रियों को पार्किंग की सुविधा मुहैया कराई जा सके।
इसके अलावा, श्री केशव ने परिचालन को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर यात्रियों के लिए मौजूद हर सुविधा और फ़ीचर्स का भी बारीक़ी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि स्टेशनों पर लगीं टोकन वेंडिंग मशीनें (टीवीएम), लिफ़्ट्स और एस्कलेटर्स आदि सुगमरूप से काम कर रहे हैं और स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और सहूलियत से जुड़ी हर सुविधा उपलब्ध है।
चुनौतीपूर्ण परियोजना को पूर्ण करना एक बहुत बड़ी उपलब्धि: कुमार केशव
अपने निरीक्षण के बाद संतुष्टि और ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए श्री केशव ने कहा, “निर्धारित समयसीमा से पहले ही इतनी बड़ी और चुनौतीपूर्ण परियोजना को पूर्ण करना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। एलएमआरसी के कर्मठ स्टाफ़ और संबद्ध कॉन्ट्रैक्टरों की निष्ठा और कड़ी मेहनत के बिना यह लक्ष्य हासिल कर पाना असंभव था।“ उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि अगर हम किसी लक्ष्य के संधान का उद्देश्य साध लेते हैं और पूरी निष्ठा के साथ प्रयास करते हैं तो कोई भी हमें अपने गन्तव्य तक पहुंचने से नहीं रोक सकता। उन्होंने एलएमआरसी के इंजीनियरों और स्टेशनों पर मौजूद स्टाफ़ सदस्यों को ’कर्म ही पूजा’ का संदेश भी दिया।







