लखनऊ, 07 मार्च 2019: चौकीदारों के खुशखबरी है प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों (चौकीदार) की भूमिका नींव के पत्थर के समान है। प्रदेश में कुल 60 हजार ग्राम पंचायतें हैं, जबकि 68337 ग्राम प्रहरी कार्यरत हैं। अगर इनका बेहतर उपयोग हो, तो इनके माध्यम से ग्रामीण इलाकों में शांति व्यवस्था व सौहार्द बनाए रखने के साथ-साथ गैर कानूनी गतिविधियों पर भी अंकुश लगाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों के मानदेय को Rs 1500 से बढ़ाकर 2500 किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पुलिस थानों और चौकियों के अंशकालिक सफाई कर्मचारियों के मानदेय को भी दोगुना करने की घोषणा की। योगी बुधवार को यहां लोकभवन में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे सरकार पर करीब Rs 73 करोड़ अतिरिक्त व्यय भार आएगा।
उन्होंने अधिकारियों को ग्राम प्रहरियों को नियमित रूप से खाकी कोट, जर्सी, बेल्ट क्लास्प, चमड़े की पेटी, जूता आदि उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। योगी ने इस अवसर पर कुछ ग्राम प्रहरियों को वर्दी भी प्रदान की। कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने भी सम्बोधित किया। प्रमुख सचिव गृह अरविन्द कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं एवं निर्देशों के सम्बन्ध में शासनादेश शीघ्र ही जारी कर दिए जाएंगे।







