दोनों में हुई जमकर गाली-गलौज
लखनऊ, 07 मार्च 2019: भाजपा में कितना अनुसाशन है यह बुधवार को सोशल मीडिया और टीवी चैनल के माध्यम से देश ने देख लिया। संतकबीरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार की शाम आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री के सामने ही संतकबीरनगर के भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी ने मेंहदावल से भाजपा विधायक राकेश कुमार सिंह बघेल की जूते से पिटाई कर दी। विधायक से भी जब बर्दाश्त नहीं हुआ तो उन्होंने भी भी सांसद को थप्पड़ मारे। दोनों में जमकर गाली-गलौज भी हुई। घटना को लेकर दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग आमने-सामने हो गए और जमकर नारेबाजी की।

फ़िलहाल मौके पर तनाव के मद्देनजर भारी पुलिस बल बुला लिया गया। सांसद को जिलाधिकारी के चैंबर में छिपाया गया क्योंकि बाहर विधायक राकेश सिंह बघेल अपने समर्थकों के साथ जमे हुए थे। बाद में पुलिस ने इलाके की बिजली कटवा कर लाठीचार्ज कर विधायक समर्थकों को खदेड़ दिया और सांसद को वहां से निकाल कर उनके आवास पर पहुंचा दिया। लाठीचार्ज में कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
सांसद के आवास पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के तत्काल बाद प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन लखनऊ रवाना हो गए। शाम चार बजे जिला योजना समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा मंत्री/जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टण्डन ‘‘गोपाल जी’ की अध्यक्षता में शुरू हुई।
बैठक में विधायक सदर दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, विधायक मेंहदावल राकेश सिंह बघेल, विधायक धनघटा श्रीराम चौहान, जिलाधिकारी रवीश गुप्ता आदि मौजूद थे। सांसद शरद त्रिपाठी ने मेंहदावल के विभिन्न सड़कों व अन्य कार्यो के शिलान्यास पट्टिका पर सिर्फ विधायक का नाम अंकित करने पर जमकर लताड़ लगाई। इस पर विवाद शुरू हो गया।
वायरल वीडियो से आया सच सामने:
सांसद शरद त्रिपाठी ने शिलापट्ट में नाम न होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा- यह किसी गाइडलाइन में है। इस पर विधायक राकेश सिंह बोले- ऐसा है उसमें मुझसे बात कर लीजिएगा, मैंने लगवाया है, आप क्या हैं। शरद त्रिपाठी-मैं सांसद हूं। राकेश सिंह-आप फंडामेंटल राइट्स के मुताबिक बात कर लीजिएगा। शरद त्रिपाठी- आपसे क्यों बात करूंगा। राकेश सिंह- क्यों नहीं करेंगे। शरद त्रिपाठी- मैं इंजीनियर से बात करूंगा। राकेश सिंह- विधायक का नाम है। शरद त्रिपाठी- आपसे बात क्यों करूं, अभी तुम्हारे जैसे कितने विधायकों को पैदा किया हूं। राकेश सिंह- जूता निकालें।






