- प्रधानमंत्री के खिलाफ हो जांच : राहुल
- ध्यान बांटने का प्रयास कर रहे हैं राहुल: अरुण जेटली
नई दिल्ली, 08 मार्च 2019: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल विमान सौदे से जुड़े दस्तावेज रक्षा मंत्रालय से चोरी होने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर घेरा। उन्होंने दावा किया कि यह स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार का मामला है और इसके लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि राफेल विमानों की आपूर्ति में देरी के लिए प्रधानमंत्री जिम्मेदार हैं क्योंकि उन्होंने सौदे को लेकर समानांतर बातचीत शुरू कर दी थी। उधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने उन पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को वायु सेना और कैग पर भरोसा नहीं है, तो क्या वह पाकिस्तान पर भरोसा करना चाहते हैं ?
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, पहले राफेल का पैसा चोरी हुआ, और अब फाइल चोरी हो गई। प्राथमिकी तो मोदी जी पर होनी चाहिए, पर प्राथमिकी कर रहे हैं, चोरी पकड़ने वाले मीडिया पर। इसे कहते हैं, ‘‘अंधेर नगरी, चौपट राजा’।’’ इससे पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘एक नई लाइन सामने आई है-गायब हो गया। दो करोड़ रोजगार गायब हो गया। किसानों को सही दाम मिलना था, वो गायब हो गया।
किसानों के बीमा का पैसा गायब हो गया। 15 लाख रपए गायब हो गया। अब राफेल की फाइलें गायब हो गईं। इसका मतलब कि ये फाइलें सच्ची हैं। उन्होंने दावा किया, कोशिश यह कि जा रही है कि किसी भी तरह से नरेंद्र मोदी का बचाव करना है। सरकार का एक ही काम है कि चौकीदार का बचाव करना है।
गांधी ने कहा, ‘‘न्याय सबके लिए होना चहिए। एक तरफ आप कह रहे हैं कि कागज गायब हो गए हैं। इसका मतलब है कि ये सच्चे हैं। इन कागजों में साफ है कि प्रधानमंत्री ने समानांतर बातचीत की है। इनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष को वायु सेना और कैग पर भरोसा नहीं है, तो क्या उन्हें पाकिस्तान के सर्टिफिकेट की जरूरत है: अरुण जेटली
नई दिल्ली, 08 मार्च 2019: केंद्र सरकार ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर घिर जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी विपक्षी पार्टी की छवि खराब होने से ध्यान बांटने के लिए राफेल मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साध रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष को वायु सेना और कैग पर भरोसा नहीं है, तो क्या उन्हें पाकिस्तान के सर्टिफिकेट की जरूरत है। कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने संवाददाताओं से कहा कि राफेल मामले पर कांग्रेस और राहुल गांधी के हर ‘‘झूठ’ का पर्दाफाश हो गया है।
उन्होंने जोर दिया कि कोई परिवारवादी यह दावा नहीं कर सकता कि वह उच्चतम न्यायालय और कैग से ऊपर है। जेटली ने राहुल गांधी के प्रेस कांफ्रेंस के बारे में कहा, शब्द काफी कम थे और तय पूरी तरह से गलत थे। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में अब तक जो तय सामने आए हैं, उससे साबित होता है कि कांग्रेस और उसके नेता ने प्रत्येक मुद्दे पर झूठ बोला है।






