नई दिल्ली, 23 मार्च 2019: चुनावी राजनीति में आरोप प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। सपा नेता रामगोपाल यादव द्वारा पुलवामा आतंकवादी हमले को सरकार की साजिश बताने और बालाकोट एयर स्ट्राइक पर कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा द्वारा सवाल उठाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई मंत्री विपक्ष के प्रति हमलावर हो गए हैं।
मेरे हिसाब से दुनिया से ऐसे नहीं निपटा जाता है: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए विपक्ष को आतंकवाद के समर्थकों की शरणस्थली बताया और उस पर सशस्त्र सेनाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। ‘जनता माफ नहीं करेगी’ हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए मोदी ने ट्वीट में कांग्रेस के विदेश मामलों को देखने वाले सैम पित्रोदा की यह कहने के लिए आलोचना की कि मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत हवाई हमले से जवाब दे सकता था लेकिन मेरे हिसाब से दुनिया से ऐसे नहीं निपटा जाता।
मीडिया खबरों के अनुसार पित्रोदा ने यह भी कहा है कि वह बालाकोट हवाई हमले और उसमें मारे गए आतंकियों की संख्या के बारे में और जानना चाहते हैं।






