- राहुल चाहे जहां से चुनाव लड़े, जनता हिसाब मांगेगी
- राहुल के वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ने को लेकर भाजपा अध्यक्ष ने कसा तंज
नई दिल्ली, 01 अप्रैल 2019: भाजपा प्रमुख अमित शाह ने अमेठी के साथ-साथ केरल की वायनाड लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ने जा रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए रविवार को कहा कि हिन्दू समुदाय पर आतंकवाद का ठप्पा लगाने वाले राहुल चाहे जहां भाग जाएं, मगर जनता उनसे हिसाब जरूर मांगेगी।
शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष के केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने के निर्णय का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि राहुल गांधी केरल की ओर भागे हैं, अमेठी की ओर नहीं। सबको मालूम है कि अमेठी में इस बार उनका हिसाब-किताब चुकता होने वाला है। केरल में तुष्टिकरण की राजनीति है, इसीलिए वह वहां गए हैं। आपने वोट बैंक की राजनीति के लिये देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया है।
उन्होंने दावा किया कि समझौता कांड के बाद तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने अमेरिकी अधिकारियों के सामने कहा था कि लश्कर देश के लिए खतरा नहीं है, बल्कि हिन्दू आतंकवाद फैलाने वाले लोग खतरा हैं। मगर अदालत ने असीमानंद समेत सभी आरोपियों को क्लीनचिट दे दी। राहुल को इसके लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।






