एमके स्टालिन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे
नई दिल्ली, 13 अप्रैल 2019: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु पर तमिलनाडु के ही लोगों का शासन होना चाहिए और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘तमिलनाडु को चलाने वाला तमिलनाडु से होना चाहिए। स्टालिन अगले मुख्यमंत्री होंगे।’ तमिलनाडु में विपक्षी पार्टियां राज्य में भाजपा पर अन्नाद्रमुक सरकार को रिमोट से चलाने का आरोप लगाती रही हैं।
राहुल के अनुसार, राज्य पर नागपुर से शासन नहीं किया जाना चाहिए। नागपुर में भाजपा के राजनीतिक मेंटोर राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय है। राहुल के अनुसार, जब कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आएगी, किसानों को बैंक ऋण नहीं चुकाने के लिए जेल नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है कि बड़े उद्योगपतियों को बैंकों का ऋण नहीं चुकाने के लिए जेल नहीं भेजा जाता है, जबकि गरीब किसानों को ऐसा करने के लिए जेल भेजा जाता है।






