- राफेल : राहुल को अवमानना नोटिस, मामला बंद करने का राहुल का अनुरोध ठुकराया
- अवमानना मामले पर सुनवाई 30 को, 30 को ही फैसले पर पुनर्विचार याचिकाओं की भी सुनवाई
नई दिल्ली, 24 अप्रैल 2019: सुप्रीम कोर्ट ने राफेल फैसले पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी ‘चौकीदार चोर है’ को लेकर मंगलवार को उन्हें आपराधिक अवमानना का नोटिस जारी किया। राहुल की इन टिप्पणियों के बारे में शीर्ष अदालत ने कहा था कि इसे गलत तरीके से उसके हवाले से बताया गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी द्वारा राहुल के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही के लिए दायर याचिका पर 30 अप्रैल को राफेल सौदे पर उसके 14 दिसंबर, 2018 के फैसले पर पुनर्विचार याचिकाओं के साथ ही सुनवाई करेगी। न्यायालय ने लेखी द्वारा दायर आपराधिक अवमानना का मामला बंद करने का राहुल का अनुरोध ठुकरा दिया।







