लखनऊ,03 जुलाई 2019: प्रदेश सरकार द्वारा 17 अति पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने के निर्णय के बाद मचे घमाशान के बाद आज कांग्रेस ने भी विरोधी सुर जग जाहिर कर दिया। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के सचिव एसपी सिंह व प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन व पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा है कि अनुसूचित जाति के लोगों को आरक्षण का पूरा लाभ देने के लिए उनका कोटा बढ़ाया जाए।
दोनों पदाधिकारियों ने मंगलवार को जारी संयुक्त बयान में कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 17 पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल किया गया है। कांग्रेस पार्टी अनुसूचित जाति विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के इस निर्णय का स्वागत करती है लेकिन अनुसूचित जातियों की संख्या पहले से ही 25.5 प्रतिशत है और आरक्षण 21 प्रतिशत दिया जाता है।
इस आदेश से अनुसूचित जातियों की संख्या लगभग 40 प्रतिशत हो जाएगी। ऐसे में 17 पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल किये जाने से न उनको आरक्षण का कोई भी लाभ होगा और न ही पहले से मौजूद जातियों को कोई लाभ होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अनुसूचित जाति विभाग यह मांग करता है कि अनुसूचित जातियों के आरक्षण का प्रतिशत 21 से बढ़ाकर 40 प्रतिशत किया जाये।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अगर अनुसूचित जातियों का आरक्षण प्रतिशत नहीं बढ़ाती है तो अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस, भीम आर्मी व तमाम गैर सरकारी संगठन मिलकर पूरे प्रदेश में सरकार के इस निर्णय के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे और उत्तर प्रदेश की सरकार को चलने नहीं दिया जाएगा।







