- अखिलेश के बचाव पर हुई नोकझोंक, ।आजम ने मांगी माफी, नहीं पिघलीं रमा देवी
- आज़म खान बोलें: आसन के प्रति न मेरी कोई गलत भावना थी और न कभी रही है
नई दिल्ली,30 जुलाई 2019: लोकसभा में गत बृहस्पतिवार को पीठासीन सभापति रमा देवी पर की गई विवादास्पद टिप्पणी के बाद आलोचनाओं से घिरे सपा सांसद आजम खां ने सोमवार को इस मामले में सदन में दो बार माफी मांगी। सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आजम खां का नाम पुकारा।
सपा सदस्य ने कहा कि आसन के प्रति न मेरी कोई गलत भावना थी और न कभी रही है। उन्होंने कहा कि वह दो बार संसदीय कार्य मंत्री रहे हैं, चार बार मंत्री रहे हैं, नौ बार विधायक रहे हैं और राज्यसभा में भी रह चुके हैं। ‘मेरे भाषण, मेरे आचरण को पूरा सदन जानता है। इसके बावजूद आसन को लगता है कि मुझसे भावना में कोई गलती हुई, तो इसके लिए क्षमा चाहता हूं।’’
इस पर रमा देवी और कुछ सदस्यों ने आजम की बात ठीक से नहीं सुने जाने की बात कही। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि खान को अपनी बात स्पष्ट रूप से कहनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने जो कहा, सदन उसे समझ नहीं सका।
आजम की महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा बोलने की आदत रही है: रमा देवी
भाजपा सदस्य रमा देवी ने कहा कि आजम खां की महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा बोलने की आदत रही है, बाहर भी वह ऐसे ही बोलते रहे हैं। ‘‘मैं वरिष्ठ सांसद हूं, अध्यक्ष जी ने जो कहा है, मैं उसका ही पालन कर रही हूं।’
रमा देवी ने आजम का समर्थन करने के लिए सपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। इसके बाद अध्यक्ष बिरला ने आजम खां से एक बार फिर से माफी मांगने को कहा।
मुझसे कोई गलती हुई है तो मैं क्षमा मांगता हूं:
आजम ने फिर कहा, ‘‘बात को एक बार कहें या एक हजार बार कहें, बात वही रहेगी। आसन के लिए मेरी कोई गलत भावना हो, ऐसा संभव ही नहीं है, फिर भी आसन को लगता है कि मुझसे कोई गलती हुई है तो मैं क्षमा मांगता हूं।
आजम के क्षमा मांगने के बाद स्पीकर ने कहा कि यह सदन सबका है। हमें सदन में ऐसी कोई बात या आचरण नहीं करना चाहिए, जिससे इसकी मर्यादा और हमारी छवि को धक्का लगे।






