उत्तर प्रदेश को एक सप्ताह के अन्दर प्रदेश को दो नये पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय प्राप्त हुए। दूसरे प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जालौन में किया। अब प्रदेश में ग्यारह पुलिस विद्यालय हो गए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी का हमेशा एक ही धर्म होता है, वह है आम जनता की सुरक्षा। इसलिए पुलिस की वर्दी पहनने वाले सभी कर्मियों को अपनी वर्दी का पूरा सम्मान करना चाहिए। पुलिस को जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए न्यायोचित कार्य करने चाहिये।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा पुलिस बल का सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिस विभाग में अधिक से अधिक पदोन्नतियां की जा रही हैं। साथ ही, पुलिस बल को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पुलिस कानून-व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू कर सकेगी एवं सुरक्षा की चैकस व्यवस्था भी सुनिश्चित कर सकेगी। पुलिस को सतर्क रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज कुम्भ , प्रवासीय भारतीय दिवस एवं लोकसभा सामान्य निर्वाचन को सफलतापूर्वक सम्पन्न किये जाने में पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी मेहनत की, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने प्रदेश में पुलिस भर्ती के लिए अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की। राज्य सरकार द्वारा ड्यूटी के दौरान शहीद होने पर पुलिसकर्मियों के आश्रितों को उनके सेवाकाल तक वेतन के बराबर पेंशन दी जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने वीडियो क्लिप के माध्यम से जनपद के विकास एवं दार्शनिक स्थलों का अवलोकन भी किया। पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने भी समारोह को सम्बोधित किया।
– डॉ दिलीप अग्निहोत्री







