योगी ने लखनऊ में झण्डी दिखाकर तेजस एक्सप्रेस को नई दिल्ली के लिए किया रवाना
देश की प्रथम काॅरपोरेट ट्रेन की सौगात लखनऊ को भी मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में झण्डी दिखाकर तेजस एक्सप्रेस को नई दिल्ली के लिए रवाना किया। इस ट्रेन में यात्रियों को हवाई यात्रा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश की राजधानी को मिली इस सुविधा के लिए योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री पीयूष गोयल के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति पथ पर तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। संचार क्रांति ने देश व दुनिया को एक परिवार का रूप दिया है। ट्रांसपोर्ट सिस्टम को सरकार बेहतर बना रही है। यह समय की आवश्यकता है। पहली कारपोरेट ट्रेन के संचालन से एक नए युग का प्रारम्भ हुआ है।
अन्य शहरों के लिए भी इस तरह की ट्रेन संचालित किये जाने की आवश्यकता है। केंद्र सरकार इस दिशा में प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री का प्रयास है कि देश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हों। इसके अन्तर्गत एयर कनेक्टिविटी को बेहतर किया गया है।
आमजन तक हवाई सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे जहां नागरिकों को सुविधाएं मिल रही है, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार इस दिशा में भी तेजी से कार्य कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में पर्यटन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। वैसे भी प्रदेश में ईको टूरिज्म की अपार सम्भावनाएं हैं।
- डॉ दिलीप अग्निहोत्री






