नई दिल्ली, 05 दिसंबर, 2019: उत्तर कश्मीर में नियंत्रण रेखा के समीप हिमस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में चार जवानों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि कुपवाड़ा जिले के तंगधार इलाके में मंगलवार दोपहर को सेना की एक चौकी हिमस्खलन की चपेट में आ गयी, जिसमें कम से कम चार जवान फंस गए।
मीडिया ख़बरों के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को तीन जवानों का शव बरामद किया गया जबकि एक जवान को जिंदा बचाया गया। एक अन्य घटना में बांदीपुरा जिले में गुरेज सेक्टर के दावर इलाके में सेना का पैदल गश्ती दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया जिसमें दो जवान फंस गए।
अधिकारियों के अनुसार इनमें से एक को जिंदा बचा लिया गया जबकि अन्य जवान का शव तलाश अभियान के दौरान बरामद किया गया।बताया जाता है कि कुपवाड़ा जिले के करनाह सेक्टर में एलओसी के ईगल पोस्ट पर मंगलवार सुबह आए हिमस्खलन में सेना की दो जाट रेजीमेंट के जवान दब गए।
सूचना मिलते ही पास की पोस्ट से जवानों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। इसके साथ ही प्रशिक्षित जवानों को भी लगाया गया। हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई।







