बसपा सुप्रीमो के बयान पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण पांडेय ने कहा, नीचे गिरने की चल रही प्रतियोगिता
उपेन्द्र नाथ राय
लखनऊ, 16 जनवरी, 2020: बसपा सुप्रीमो मायावती ने नीचे गिरने की विपक्ष की चल रही प्रतियोगिता में खुद को पिछड़ते देख बुधवार को सीएए पर असहमति और पाकिस्तान में मुस्लिमों के प्रताड़ित होने वाला बयान दिया। ये बातें भाजपा के सुशासन समिति के प्रदेश प्रमुख और प्रदेश प्रवक्ता चंद्र भूषण पांडेय ने कहीं। उन्होंने मायावती से सवाल किया कि क्या वे पाकिस्तान में एक भी मुस्लिम का नाम बता सकती हैं, जो वहां धर्म के आधार पर प्रताड़ित किये जाने के कारण भारत में रह रहा हो।
भाजपा प्रवक्ता ने गुरुवार को कहा कि इस समय विपक्ष में नीचे गिरने की प्रतियोगिता चल रही है, जिसके तहत विपक्षी कुछ भी बोलने में परहेज नहीं कर रहे हैं लेकिन आम आदमी इनकी प्रतियोगिता से वाकिफ है। उन्होंने कहा कि मायावती को किसी धर्म व जाति से कुछ भी लेना-देना नहीं है। वे सिर्फ वोट की राजनीति में हर बार एक नया जातिगत समीकरण बैठाने के फिराक में रहती हैं। अब जनता समझ चुकी है और काफी जागरूक है। इस कारण विधानसभा के पिछले उप चुनाव में पहली बार किस्मत आजमाने वाली मायावती नीचे से नम्बर वन रहीं।
बुधवार को मायावती ने अपने जन्मदिन पर कहा था कि सीएए पहली नजर में विभाजनकारी व असंवैधानिक है। इस्लाम को छोड़कर अन्य धर्मों पर सीएए लागू करना ठीक नहीं है। पाकिस्तान में रहने वाले मुस्लिम भी शोषित-पीड़ित हो सकते हैं। इसी के जवाब में चंद्रभूषण पांडेय ने गुरुवार को अपना बयान दिया।







