बाराबंकी, 16 फरवरी, 2020: जैदपुर क्षेत्र के ग्राम वजीउद्दीनपुर निवासी मजदूर सर्वेश की दिसम्बर में एक दुर्घटना मौत के बाद उनके अनाथ हुए तीन मासूमों को चाइल्ड लाइन ने गोद लेकर उनके भोजन, शिक्षा व स्वास्थ्य सुरक्षा की जिम्मेदारी ली है। रविवार को बच्चों को फूड बैंक से राशन उपलब्ध कराया और सेवा निवृत्त बैंक अधिकारी जेएल भास्कर ने सहयोग कर उनकी पढ़ाई मदद देना शुरू कर दिया।
जेएल भास्कर द्वारा बच्चों को स्कूल बैग उपलब्ध कराया गया। बैग प्रदान करते हुए श्री भास्कर ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा मिलना उसका मौलिक अधिकार है किन्ही कारणों से यदि उनका यह अधिकार न मिल रहा हो तो समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का दायित्व है कि उन्हें सहयोग करें ताकि वह भी शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ सके।
चाइल्ड लाइन के निदेशक रत्नेश कुमार ने बच्चों को स्कूल से जोड़े जाने पर चाइल्ड लाइन टीम को बधाई दिया और नियमित पढ़ने जाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जो व्यक्ति विषम परिस्थितियों से मुकाबला करके आगे बढ़ता है वह सफल व्यक्ति होता है। इस अवसर पर चाइल्ड लाइन जिला समन्वयक जियालाल कांउसलर जीतन बेबी आदि कई लोग उपस्थित रहे।






