किसानों के मुद्दे पर सपा ने भाजपा को घेरा, कहा, 14 दिन के अंदर गन्ना बकाया भुगतान का वादा करने वाली पाटी के शासनकाल में वर्तमान सत्र का 8590 करोड़ रुपये है बकाया
गन्ना किसानों का करोड़ों रुपये बकाया, बाराबंकी में कर्ज में डूबे किसान द्वारा आत्महत्या, अलीगढ़ में ईंट भट्ठे पर बोर्ड परीक्षा की कापियों के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ने भाजपा की प्रदेश सरकार को घेरा है। इसके साथ ही भाजपा को किसान विनाशक पार्टी बताया। सपा के अधिकारिक ट्वीटर हैंडल से रविवार को दोपहर बाद ट्वीट में यह भी कहा गया कि 14 दिन के अंदर बकाया भुगतान का वादा करने वाली भाजपा के शासन काल में वर्तमान सत्र का ही 8590 करोड़ रुपये बकाया है। यह सरकार रोगी हो चुकी है।
सपा के अधिकारिक ट्वीट पर रविवार को दोपहर बाद अखबारों कटिंग लगाते हुए भाजपा को घेरते हुए चार ट्वीट किये गये। एक ट्वीट में लिखा “किसान विनाशक बीजेपी सरकार में सरकारी प्रताड़ना से आत्महत्या करने को मजबूर हैं किसान। नहीं फर्क पड़ता मुख्यमंत्री को, प्रधानमंत्री भी कर रहे झूठा प्रचार। बाराबंकी में कर्ज तले जान देने वाले मृतक जगजीवन के परिवार को उचित मुआवजा, सरकारी नौकरी दिलाने के लिए संघर्ष में साथ समाजवादी खड़े हैं।

दूसरे ट्वीट में नकल विहीन शिक्षा पर एक अखबार की कटिंग लगाते हुए लिखा गया है- “यूपी में नकल विहीन बोर्ड परीक्षा के ‘पेपर’ में मुख्यमंत्री फिर हुए फेल। अलीगढ़ में बीजेपी नेता द्वारा अपने भट्ठे पर संचालित साल्वर गैंग मुख्यमंत्री के झूठे दावों की खुली पोल।”
तीसरे ट्वीट में लिखा है “यूपी में सांडों द्वारा कुचल कर मारे जाना किसानों की नियति बन चुकी है। दुखद! कुमारगंज में फसल को बचाने के लिए युवक नरेंद्र कोरी खेत में गया जहां सांड ने उसकी जान ले ली। संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ दर्ज हो हत्या का मामला। मुआवजा एवं नौकरी देकर मिले शोकाकुल परिवार को न्याय।”
चौथे ट्वीट में गन्ना किसानों का मुद्दा उठाते हुए लिखा है- “गन्ना किसानों से अब तक का सबसे बड़ा धोखा करने वाली सरकार ने सच छुपाने के लिए अपनी वेबसाइट से भी बकाया गन्ना मूल्य का विवरण हटा लिया है। संकल्प पत्र में 14 दिन के अंदर सम्पूर्ण भुगतान का वादा करने वाली ‘ रोगी सरकार ‘ में वर्तमान पेराई सत्र में ही 8590 करोड़ रुपये बकाया है।”







