- कृषि मंत्री ने कहा, जल्द जारी होगा आदेश, नहीं रोकेगा कोई
- ओले के कारण बर्बाद हो चुकी फसल, काटने में सता रहा कोरोना का भय
उपेन्द्र नाथ राय
लखनऊ, 26 मार्च 2020: रबी की फसल खेतों में तैयार है। कई जगह तो पहले ही ओले व बारिश ने फसल को चौपट कर दिया है लेकिन जो कुछ कहीं बचा भी है, वह अब कोरोना का भय खाये जा रहा है। स्थिति यह है कि फसल खेत में सुख चुकी है लेकिन लोग उसे कटवाने में भयभीत हो रहे हैं। लेकिन डाक्टर की मानें तो इसमें भयभीत होने की जरूरत नहीं है। किसानों को एक खेतों में भी एक मीटर की दूरी बनाकर फसल कटवाने में कोई परहेज नहीं करना चाहिए। कई जगह तो पुलिस द्वारा भी कटाई का कार्य रोके जाने की खबर आ रही है। वहीं प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों को रबी की फसल की कटाई से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें हारवेस्टर या मजदूरों से कटाई के लिए कोई नहीं रोकेगा। अभी इसका शासदेश आज शाम तक या कल तक जारी हो जाएगा।
विशेषज्ञ डाक्टरों ने कहा, न डरें किसान, एक दूरी बनाकर कटवाएं रबी की फसल, नहीं होगी परेशानी:
इस संबंध में लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर आशुतोष दूबे ने बताया कि इससे किसानों को डरने की जरूरत नहीं है। आवश्यकता सोशल डिस्टेंस बनाकर चलने की है। उन्होंने कहा कि वैसे भी तेज धूप में कोरोना का वायरस दो घंटे तक ही जीवित रह पाता है। ऐसे में खेतों में इसका खतरा बहुत ही कम है।
अधिक तापमान पर दो घंटा से अधिक जीवित नहीं रहता कोविड-19:
उन्होंने कहा कि गांव में यदि कोई बाहर से आता है तो उसके लिए बहुत जरूरी है कि वह 14 दिनों तक एक कमरे में अपने को बंद करके ही रहे। दूसरों से संपर्क में न आयें, क्योंकि कोरोना के लक्षण अधिकतम 14 दिन में ही दिख जाते हैं। उन्होंने कहा कि सजग रहने की जरूरत है, डरने की नहीं। यह महामारी इस रूप में परेशानी का सबब है कि आप सतर्कता नहीं बरतेंगे तो अपने ही लोगों के लिए आप घातक साबित होंगे।
वहीं गोरखपुर के हार्ट एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डाक्टर अतुल शाही ने बताया कि इस रोग की गंभीरता इसके तेज गति से फैलाव के कारण है। यह एक-दूसरे के संपर्क में आने से ही फैलता भी है। खेतों में काम करने या कटाई कराने से इसका कोई वास्ता नहीं है। ऐसे में किसानों को एक सोशल डिस्टेंस बनाकर काम करने की जरूरत है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार इस पर गुरुवार शाम या शुक्रवार तक शासनादेश जारी कर देगी। हारवेस्टर या मजदूरों से कटवाने पर कोई रोक नहीं रहेगा। इसके लिए शासन स्तर पर चर्चा हो चुकी है।







