मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना से पीड़ित लोगों का आंकड़ा छुपा रहे हैं। यह यूपी की जनता के साथ धोखाधड़ी है। वे आमजन की जान जोखिम में डाल रहे हैं। ये बातें कांग्रेस की यूपी इकाई ने जारी बयान में कहा है।
प्रदेश इकाई की तरफ से जारी किये गये बयान में प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश की जनता के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। प्रदेश की जनता का जान जोखिम में डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक समाचार एजेंसी के साथ बातचीत में योगी आदित्यनाथ साफ साफ कह रहे हैं कि महाराष्ट्र से आने वाले 75 फीसदी और 50 प्रतिशत दिल्ली से आने वाले लोग कोरोना से पीड़ित हैं। मुख्यमंत्री ने साफ साफ कहा है कि छोटे राज्यों से आने वाले 25 प्रतिशत लोग कोरोना महामारी से संक्रमित हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़े कहाँ से मिले? इसमें कितनी सच्चाई है। अगर यह सही है तो प्रदेश सरकार आंकड़े क्यों छिपा रही है? उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार तत्काल कोरोना महामारी से संक्रमित लोगों के आंकड़े पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
उधर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने भी ट्वीट करके इस मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा। सरकार के आंकड़ों के अनुसार लगभग 25 लाख लोग यूपी वापस आ चुके हैं। मुख्यमंत्री के बयान के आधार पर इनमें से महाराष्ट्र से लौटे हुए 75 प्रतिशत, दिल्ली से लौटे हुए 50 प्रतिशत और अन्य प्रदेशों से लौटे 25 प्रतिशत लोग कोरोना से संक्रमित हैं। क्या मुख्यमंत्री का मतलब है कि उप्र में 10 लाख से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हैं? मगर उनकी सरकार के आँकड़े तो संक्रमण की संख्या 6228 बता रहे हैं।







