भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को सराहा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कोरोना संक्रमण के कारण आई वैश्विक आपदा के समय मानवता की सेवा के लिए जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्य संस्कृति के अनुरूप ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा-कार्य का अभूतपूर्व उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं का सेवा के प्रति समर्पण का ही भाव था, जिसके कारण प्रदेश में लगभग पौने पांच करोड़ गरीब जरूरतमंद लोगों को नमो टिफिन व नमो किट के माध्यम से भोजन-राशन उपलब्ध कराया जा सका।

उन्होंने कहा कि चाहे कोरोना वारिर्यस का सम्मान हो या कोरोना से बचाव के लिए माॅस्क उपलब्ध कराना हो या आरोग्य सेतु एप्स इंस्टाल कराना हो प्रत्येक सेवा कार्य को अपना कर्तव्य मानकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्य किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों के साथ प्रदेश में चलाए जा गए सेवा अभियान की विस्तृत समीक्षा की।
प्रवासी श्रमिकों को कोई कठिनाई न हो इसका रखना है विशेष ध्यान
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमें आगे भी सेवा कार्य जारी रखने है और प्रवासी श्रमिकों को किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई न हो इसका विशेष रूप से ध्यान रखना है।
अभियान हमारे लिए गर्व का विषय
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि वे महामारी के संकट के समय पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा व्रतियों के रूप में अभियान के तहत पूरे प्रदेश में लगभग चार करोड़ 31 लाख 43 हजार सात सौ 48 लोगो को नमो टिफिन के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया, जबकि लगभग 38 लाख 64 हजार 47 लोगों को नमो किट के माध्यम से राशन वितरण का कार्य पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया।
90 लाख 44 हजार मास्क वितरण किया गया।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर बनाकर लगभग 90 लाख 44 हजार 24 मास्क का वितरण अब तक किया है, जबकि 2 करोड़ से अधिक लोगों के मोबाईल पर आरोग्यसेतु एप्प डाउनलोड कराने में भी अपनी भूमिका का निर्वहन किया है। पार्टी के लगभग 10 लाख कार्यकर्ताओं ने वैश्विक आपदा के बीच प्रयास करके 60 करोड़ रूपये से अधिक की धनराशि पी.एम. केयर फंड में जमा कराई।
दो सौ से अधिक केन्द्रों पर अभियान चलाकर भोजन उपलब्ध कराया
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दस दिनों में उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं ने 200 से अधिक केन्द्रो पर अभियान चलाकर 11 लाख 33 हजार से अधिक प्रवासी श्रमिकों को भोजन उपलब्ध कराया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिनके पास माॅस्क नहीं थे ऐसे 2 लाख 17 हजार से अधिक प्रवासी श्रमिकों को माॅस्क उपलब्ध कराया, जबकि 50 हजार से अधिक जरूरतमंदो को पहनने के लिए चप्पल भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपलब्ध कराये।
पीएम के कदम की पूरे विश्व में हो रही सराहना
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना वायरस को मात देने के लिए जो-जो कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने उठाए हैं। उसकी पूरी दुनिया में प्रशंसा हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने एक ओर विश्व वसुधैव कुटुंबकम की नीति पर अमल करते हुए दुनिया के कई देशों तक मदद पहुंचाई है तो वहीं दूसरी ओर देश के सभी राज्यों को एक साथ लेकर वे कोरोना को हराने के पथ पर मजबूती से अग्रसर हो रहे है।
योगी आदित्यनाथ ने भी युद्ध स्तर पर किया कार्य
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार ने भी उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के खिलाफ अभूतपूर्व कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के खिलाफ चल रही जंग में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार ने भी वैश्विक आपदा से निपटने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किये हैं। उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार ने वैश्विक आपदा के समय प्रदेश भर में गरीबों व जरूरतमंदों के लिए भोजन राशन का प्रबन्ध किया वहीं कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए भी कई प्रबन्ध किये।







