प्रथम, द्वितीय व तृतीय के अलावा मिलेंगे पांच सांत्वना पुरस्कार
लखनऊ, 12 फरवरी 2021 : राज्य ललित कला अकादमी के छत्तर मंजिल परिसर व लाल बारादरी स्थित अकादमी परिसर में 60वें स्थापना दिवस एवं चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव के अवसर पर ‘कला रंग उत्सव’ के अंतर्गत चार से 10 फरवरी तक हुए विभिन्न आयोजनों पर आधारित फोटोग्राफी प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। यह फोटो प्रतियोगिता लखनऊ व आस-पास के जिलों के उत्सव में शामिल मात्र फोटो जर्नलिस्ट के लिए ही है।
अकादमी के सचिव डा.यशवंत सिंह चौहान के अनुसार तय नियमों के हिसाब से इस प्रतियोगिता में केवल फोटो जर्नलिस्ट ही प्रतिभाग कर सकते हैं। एक प्रतिभागी द्वारा न्यूनतम तीन या अधिकतम पांच फोटो प्रविष्टि के रूप में प्रेषित किए जा सकते हैं। यह प्रविष्टियां प्रतिभागी द्वारा सम्बन्धित फोटो एवं फार्म भरकर एक साथ अटैचमेन्ट करते हुए जे.पी.जी. फार्मेट में अकादमी की ई-मेल lalitkalaup @gmail.com पर 16 फरवरी को शाम पांच बजे तक प्रेषित कर सकते हैं, ई-मेल करते समय ई-मेल के विषय के खाने में ‘कला रंग उत्सव फोटो प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी’ अंकित किया जाना आवश्यक है। अलग-अलग ई-मेल व निर्धारित समय के उपरान्त ई-मेल की गयी प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जायेगा।
प्राप्त प्रविष्टियों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार क्रमशः पांच, तीन व दो हजार रुपये के चयनित किए जायेंगे। साथ ही पांच सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जायेंगे। पुरस्कार अकादमी के आगामी आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को प्रदान किया जाएंगें। स्वीकृत प्रविष्टियों के प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में भाग लेने का प्रमाण-पत्र दिया जायेगा। पुरस्कारों का चयन प्राप्त प्रविष्टियों में से अकादमी द्वारा गठित निर्णायक समिति के माध्यम से किया जाएगा। फार्म व मार्गदर्शक नियम अकादमी की वेबसाइट fineartakademiup.nic.in से डाउनलोड किये जा सकते हैं।







