लखनऊ, 20 मार्च 2021: सी.एम.एस. कक्षा-4 की छात्रा सान्वी डे ने अन्तर-विद्यालयी चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जीता है। यह प्रतियोगिता लखनऊ विकास प्राधिकरण के तत्वावधान में सम्पन्न हुई, जिसमें लखनऊ के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की इस मेधावी छात्रा ने 6 से 12 वर्ष के छात्रों की सब-जूनियर आयु वर्ग प्रतियोगिता में भाग लेकर रंग व ब्रुश के माध्यम से अपनी कला का परिचय दिया। प्रतियोगिता के आयोजकों ने छात्रा की प्रशंसा करते हुए ट्राफी, प्रशस्ति पत्र व अन्य आकर्षक उपहारों से पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस प्रकार की रचनात्मक व सृजनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें जीवन में आगे ही आगे बढ़ने हेतु सी.एम.एस. सदैव प्रोत्साहित करता है।







