नई दिल्ली, 06 अप्रैल, 2021: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने आम आदमी को झटका दिया है। एक अप्रैल 2021 से होम लोन की न्यूनतम ब्याज बढ़ गई है। एसबीआई की वेबसाइट के अनुसार, ग्राहकों के लिए इस महीने से होम लोन की न्यूनतम दर 6.95 फीसदी हो गई है। पिछले महीने तक यह 6.70 फीसदी थी। यानी इसमें 25 आधार अंक या 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। 100 आधार अंकों का अर्थ एक फीसदी होता है। बैंक की वेबसाइट पर बताया गया है कि होम लोन एक्सटर्नल बेंचमार्क-लिंक्ड रेट से अधिक अंक ऊपर उपलब्ध है।

ईबीएलआर रेपो रेट से जुड़ा है, जो भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) तय करता है। मौजूदा समय में ईबीएलआर 6.65 फीसदी है। बैंक इस पर अतिरिक्त क्रेडिट रिस्क प्रीमियम लेता है, जिसके बाद होम लोन सात फीसदी पर उपलब्ध हैं। महिलाओं को इसमें पांच आधार अंकों की छूट मिलेगी।
उनके लिए यह दर 6.95 फीसदी है। पिछले महीने तक एसबीआई ने सीमित अवधि के लिए 75 लाख रुपये तक का आवास ऋण 6.70 फीसदी ब्याज पर देने की पेशकश की थी। वहीं 75 लाख से पांच करोड़ रुपये के आवास ऋण पर ब्याज दर 6.75 फीसदी थी। एसबीआई द्वारा आवास ऋण की न्यूनतम दरों को बढ़ाए जाने के बाद अन्य बैंक भी इसी तरह कदम उठा सकते हैं।







