- भारी बारिश और तूफान से पेड़ उखड़े, 114 किमी की रफ्तार से चली आंधी
चक्रवाती तूफान ताउते ने सोमवार को मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में जमकर कहर बरपाया। तूफान के रास्ते में जो कुछ भी आता गया, उसने उसे अपनी चपेट में ले लिया। यह तूफान का ही असर था कि मुंबई में जोरदार बारिश हुई और जगह-जगह पेड़ भी उखड़ गए। चक्रवाती तूफान महाराष्ट्र के बाद अब मंगलवार को गुजरात में तबाही मचाने जा रहा है जबकि केरल, कर्नाटक और गोवा में भी तूफान की वजह से कई लोगों की जान जा चुकी है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि ताउते तूफान की वजह से मुंबई की लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। मुंबई में 114 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। वहीं, बृहन्मुंबई महानगर निगम बीएमसी ने दोपहर को बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग आईएमडी ने अगले कुछ घंटे के दौरान मूसलाधार वर्षा होने एवं 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। फिलहाल मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में खूब वर्षा हो रही है एवं तेज आंधी चल रही है।

बीएमसी प्रवक्ता तानाजी काम्बले ने कहा, आईएमडी ने अगले कुछ घंटे तक मुम्बई में भारी वर्षा जारी रहने की चेतावनी दी है। बीएमसी के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के मद्देनजर बांद्रा-वर्ली सी-लिंक को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। आईएमडी मुंबई की वरिष्ठ निदेशक शुभांगी भूटे ने बताया कि दक्षिण मुंबई के कोलाबा क्षेत्र में ग्यारह बजे के आसपास हवा की रफ्तार 102 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गयी जो दिन में अबतक की सबसे तेजए हवा की गति है।







