कई ट्रेनों में लगेंगे सस्ते किराए वाले एसी कोच
नई दिल्ली, 03 जुलाई, 2021: भारतीय रेल अपने मुसाफिरों को सस्ते सफर की तैयारी कर रही है इस वित्तीय वर्ष में वह कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में सस्ते किराए वाले 806 इकनॉमी एसी 3 टियर एसी कोच लगाएगा। रेलवे मंत्रालय विभिन्न कोच फैक्ट्रियों में इकनॉमी एसी 3 टियर एसी कोच तैयार करा रहा है। जैसे-जैसे कोच तैयार होते जाएंगे, वैसे-वैसे ट्रेनों में लगाए जाएंगे।
रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार सबसे अधिक कोच इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में तैयार किए जा रहे हैं। रेलवे मंत्रालय पैसेंजरों को सस्ते किराए में एसी क्लास में सफर कराएगा। इसके लिए इकनॉमी एसी 3 टियर कोच तैयार कराए जा रहे हैं। ये कोच सामान्य एसी 3 टियर एसी कोच जैसे ही होंगे। योजना के तहत कुछ कोच तैयार कर ट्रेन में लगाने की शुरुआत हो चुकी है। अब वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 806 कोच तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। एंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में 344, रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएएफ) में 177 और मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) में 285 कोच बनाए जा रहे हैं।
बोर्ड के अधिकारी के अनुसार मार्च 2021 तक सभी कोच ट्रेनों में लगा दिए जाएंगे। इसके अलावा बोर्ड से स्वीकृति के बाद और भी इकनॉमी एसी कोच बनाए जाएंगे। इन कोचों में सामान्य एसी 3 टियर कोच की तुलना में सफर सस्ता होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इकनॉमी एसी कोच में बर्थ की संख्या अधिक है। सामान्य एसी 3 टियर कोच में 72 बर्थ होती हैं, जबकि इसमें 11 अधिक यानी 83 बर्थ होंगी। इसके लिए रेलवे ने बर्थ के बीच का गैप थोड़ा कम कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार गैप कम होने से पैसेंजरों को असुविधा नहीं होगी। इसके अलावा साइड की बर्थ की लंबाई पहले जैसी ही रखी गई है।
इकनॉमी एसी 3 टियर कोच में रीडिंग के लिए पर्सनल लाइट, एसी वेंट्स, यूएसबी प्वाइंट, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, ऊपरी बर्थ पर चढ़ने के लिए बेहतर सीढ़ी और खास तरह का स्नैक टेबल हैं। इसके साथ ही टॉयलेट में फुट ऑपरेटिंग टैब लगाए गए हैं।







